
केतु गोचर 2025 - प्रभाव, राशिफल एवं उपाय

1243

ज्योतिष
केतु गोचर 2025 - प्रभाव, राशिफल एवं उपाय
साल 2025 बदलाव का साल है। मई में राहु और केतु ने राशि बदली है। राहु अब कुंभ और केतु सिंह राशि में जा रहे हैं। जहां राहु विलासिता और भ्रम के कारक है। वहीं केतु को मोक्ष और एकांत का कारक कहा जाता है। यदि कुंडली में केतु अच्छा होता है, तो आध्यात्मिक उन्नति पाने में आसानी होती है। केतु का सिंह राशि में स्पष्ट गोचर 29 मई 2025 से शुरू होगा। सिंह राशि में केतु दिसंबर 2026 तक रहने वाले हैं। केतु का यह गोचर सभी राशियों के लिए कैसा रहेगा, जानते हैं कुछ खास बातें।
केतु गोचर 2025 - मेष
केतु गोचर 2025 के अनुसार मेष राशि के जातकों के जीवन में केतु का गोचर आपकी राशि से पंचम भाव में होने जा रहा है। इस समय आप तंत्र-मंत्र की ओर रुचि रख सकते हैं। यहां उपस्थित केतु के प्रभाव के कारण आपके प्रेम संबंधों में टकराव आ सकता है। आप और आपके प्रियतम के बीच भावनाओं के आदान-प्रदान में कमी होगी और गलतफहमियों का सिलसिला बढ़ सकता है। आपको धोखा भी मिल सकता है इसलिए आपको सावधान रहना चाहिए। संतान को लेकर कुछ चिंताएं बढ़ सकती है। उपाय के तौर पर आपको हनुमान मंदिर में ध्वजा अर्पण करनी चाहिए।
वृषभ
वृषभ राशि के जातकों के लिए केतु का गोचर आपकी राशि से चतुर्थ स्थान में होगा। इस समय आपको परिवार में शांति का अभाव महसूस होगा इसलिए घर में मन कम लगेगा और आप ज्यादा समय बाहर बिताना पसंद करेंगे। आपकी माता को भी स्वास्थ्य समस्याएं परेशान कर सकती हैं। इस दौरान आपको छाती अथवा फेफड़े का संक्रमण भी हो सकता है। ऐसी स्थिति में आपको अपने स्वास्थ्य का और अपने आसपास की स्थितियों और पारिवारिक संबंधों का ध्यान रखने की कोशिश करनी चाहिए। केतु के बीच मंत्रों का जाप करें।
मिथुन
मिथुन राशि के लिए केतु का गोचर आपकी राशि से तीसरे भाव में होगा। आप हर काम को पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ करेंगे। धार्मिक क्रियाकलापों में आपके मन की इच्छाएं जागृत होंगी। आप अपने दोस्तों को, रिश्तेदारों, भाई - बहनों के साथ धार्मिक स्थानों की यात्रा करने पर ज्यादा जोर देंगे। आपका मन एक रमणीय स्थल पर ज्यादा लगने की संभावना है। इस दौरान आपके मन में अनेक अच्छे विचार भी आएंगे। कार्यक्षेत्र में भी आपका मन लगेगा और आपके सहकर्मी आपको सहयोग देंगे। केतु के शुभ परिणाम प्राप्त करने के लिए आपको कुत्तों को खाना देना चाहिए।
केतु गोचर 2025 - कर्क
कर्क राशि के जातकों के लिए केतु गोचर 2025 की बात करें तो यह आपकी राशि से दूसरे भाव में गोचर करने वाले हैं। केतु का इस भाव में गोचर करना उतार-चढ़ाव से भरा जीवन देने वाला है। आप कई ऐसी बातें करेंगे जिनमें एक साथ दो अर्थ हो सकते हैं। इस दौरान आपको धन संचय करने में कुछ समस्याएं हो सकती हैं और आप कुटुंब से अलग हटने की कोशिश करेंगे। आपको अपनी परिस्थितियों को संभालने पर ध्यान देना होगा। इस गोचर के दौरान आपके मुंह में छाले, दांतों में दर्द, जैसी समस्याएं परेशानी दे सकती हैं। आप भगवान श्री गणेश की आराधना करें।
सिंह
सिंह राशि के जातकों के लिए केतु गोचर 2025 आपकी राशि के लिए बहुत महत्वपूर्ण साबित होने वाला ह, क्योंकि यह आपकी राशि में ही यानी आपके प्रथम भाव में होने जा रहा है इसलिए इसका आपके जीवन पर विशेष प्रभाव पड़ेगा। प्रथम भाव में केतु का गोचर स्वास्थ्य समस्याओं को बढ़ाने वाला साबित हो सकता है। आप अपने आसपास के जीवन से थोड़ा परेशान हो सकते हैं। वैवाहिक संबंधों में भी परेशानियां बढ़ सकती हैं क्योंकि आपके विचार अलग होंगे और जीवनसाथी को वह समझ में नहीं आएंगे। आपके निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। मन में धार्मिक विचार बढ़ेंगे। भगवान शंकर के मंत्रों का जाप करें।
केतु गोचर 2025 - कन्या
कन्या राशि के जातकों के लिए केतु गोचर 2025 आपकी राशि से द्वादश भाव में होने जा रहा है। यह गोचर आपके लिए अधिक अनुकूल रहने की संभावना नहीं है इसलिए आपको कुछ सावधानियां बरतने की आवश्यकता पड़ेगी। सर्वप्रथम आपके खर्चों में बढ़ोतरी होगी। केतु ग्रह के इस गोचर के कारण आपके मन में आध्यात्मिक विचारों की बढ़ोतरी हो सकती है और आप ध्यान, साधना, आदि में अधिक समय लगा सकते हैं। कार्यक्षेत्र को लेकर कुछ उदासीनता महसूस कर सकते हैं। तीर्थ यात्रा करने का मौका मिल सकता है। गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें।
तुला
केतु गोचर 2025 की बात करें तो तुला राशि के जातकों के लिए यह एकादश भाव में होगा। एकादश भाव में होने वाला केतु का गोचर आमतौर पर शुभ फलदायक माना जाता है इसलिए ऐसी संभावना है कि यह आपके लिए लाभदायक रहेगा। इससे आपकी आमदनी में बढ़ोतरी के योग बनेंगे। आप अपनी इच्छाओं को सीमित दायरे में रखते हुए उन्हें पूरा करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे और उसमें आपको सफलता भी मिलेगी। हालांकि आपके प्रियतम के बीच कहा सुनी और झगड़े की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जो आपके रिश्ते के लिए अच्छी बात नहीं होगी। आपको अपने वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा। कार्यक्षेत्र में आपका दबदबा बढ़ेगा। आप दुर्गा चालीसा का पाठ करें।
वृश्चिक
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए केतु का गोचर आपकी राशि से दशम स्थान में होगा। यह गोचर आपके लिए मिश्रित परिणाम लेकर आएगा। जहां एक तरफ आपके पारिवारिक जीवन में तनाव और टकराव की स्थिति बनेगी। आपसी सामंजस्य की कमी होगी। लोगों के बीच आपसी प्रेम का हर्ष होगा और संतुलन बढ़ेगा। आपको अपना मनपसंद काम न मिलने के कारण कार्यक्षेत्र से आपका मोह भंग हो सकता है और इसी कारण से कार्यक्षेत्र में आपकी स्थिति बिगड़ सकती है और नौकरी में स्थिति तनावपूर्ण होने के योग बन सकते हैं। उपाय के तौर पर आपको गाय को हरा चारा खिलाना चाहिए।
धनु राशिफल
धनु राशि के जातकों के लिए केतु महाराज नवम भाव में गोचर करने जा रहे हैं जो कि भाग्य और धर्म का भाव होता है और काल पुरुष की कुंडली में बृहस्पति इस भाव के स्वामी होते हैं। आप धार्मिक स्थलों के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन की ओर भी अग्रसर हो सकते हैं। आपको पूजा पाठ पसंद आएगी इसके अतिरिक्त आप कई बार अकेला रहना पसंद करेंगे। हालांकि यह अवस्था अच्छी नहीं है। अकेले रहने से आपको कुछ उदासीनता महसूस हो सकती है जिसे दूर करने के लिए आपके परिजनों का साथ प्राप्त करना चाहिए। भैरव उपासना से आपको फायदा होगा।
केतु गोचर 2025 - मकर
मकर राशि के जातकों के लिए केतु का गोचर आपकी राशि से अष्टम भाव में होगा। अष्टम भाव अज्ञात भाव होता है। ऐसे में रहस्यमय केतु ग्रह का अष्टम भाव में जाना आपके लिए उतार-चढ़ाव से भरे परिणाम लेकर आ सकता है। इस दौरान आपको अप्रत्याशित धन लाभ भी हो सकता है और शारीरिक समस्याएं भी परेशान कर सकती हैं। इस दौरान आपके साथ-साथ आपके जीवनसाथी को भी कुछ स्वास्थ्य समस्याएं परेशान कर सकती हैं। आपको अपने खानपान पर ध्यान देना चाहिए और पारिवारिक गतिविधियों में नियंत्रित रूप से हस्तक्षेप करना चाहिए। शिव मंत्रों का जाप करें।
कुंभ
कुम्भ राशि के जातकों के लिए केतु गोचर सप्तम भाव में होने जा रहा है जो कि लंबी साझेदारियों और विवाह का भाव भी है। आपके जीवनसाथी के ऊपर आपको कुछ संदेह हो सकता है क्योंकि आपको लगेगा कि वे कई बातें आपसे छिपा रहे हैं और उन्हें लगेगा कि आप उनको समझना नहीं चाहते। यह विरोधाभास आपके बीच दूरियां बढ़ा सकता है इसलिए आपको संतुलित रूप से जीवनचर्या का पालन करना चाहिए और अपने जीवन साथी को भी समझना चाहिए। व्यवसाय करने वाले जातकों के लिए भी यह गोचर अधिक अनुकूल नहीं है। हनुमान चालीसा का पाठ करेँ।
मीन
केतु गोचर 2025 आपके लिए छठे भाव में होने जा रहा है। आमतौर पर छठे भाव में केतु का गोचर अनुकूल परिणाम देने वाला होता है, फिर भी आपको कुछ बातों का तो ध्यान रखना ही पड़ेगा। नौकरी करने वाले जातकों के लिए यह गोचर अच्छा रहेगा। आपको अपने कार्यक्षेत्र में सफलता मिलेगी और व्यापार करने वाले जातकों को कुछ नवीन स्रोत मिलने की संभावना बनेगी। जीवनसाथी को स्वास्थ्य समस्याएं परेशान कर सकती हैं। आपको अपने रिश्तों को संभालना होगा। केतु का यह गोचर आपके कार्यों में संघर्ष और रुकावट के बाद सफलता दिलाएगा।
लेखक के बारे में: टीम त्रिलोक
त्रिलोक , वैदिक ज्योतिष, वास्तु शास्त्र और धार्मिक अध्ययनों के प्रतिष्ठित विषय विशेषज्ञों (Subject Matter Experts) की एक टीम है। प्राचीन ज्ञान और आधुनिक संदर्भ के समन्वय पर केंद्रित, त्रिलोक टीम ग्रहों के प्रभाव, आध्यात्मिक अनुष्ठानों और सनातन धर्म की परंपराओं पर गहन और शोध-आधारित जानकारी प्रदान करती है।
प्रामाणिकता के प्रति समर्पित, इस टीम में प्रमाणित ज्योतिषी और वैदिक विद्वान शामिल हैं, जो यह सुनिश्चित करते हैं कि प्रत्येक लेख शास्त्र-सम्मत और तथ्यपरक हो। सटीक राशिफल, शुभ मुहूर्त और धार्मिक पर्वों की विस्तृत जानकारी चाहने वाले पाठकों के लिए त्रिलोक एक विश्वसनीय और आधिकारिक स्रोत है।